देश में आएंगी कोरोना की 6 और नई वैक्सीन, वैक्सीनेशन को मिलेगी नई रफतार
image source : google

टीआरपी डेस्क। इस दशक के सबसे बड़े संकटों में से एक कोरोना महामारी से निपटने के लिए भारत में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार सुबह तक देशभर में कोरोना वैक्सीन की 1.84 करोड़ डोज दी जा चुकी है। वहीं अब तक देश के लगभग 23 करोड़ लोगों का कोरोना टेस्ट किया जा चुका है। इसके अलावा भारत ने दुनिया के 71 देशों को कोरोना की वैक्सीन उपलब्ध कराई है।

इसी बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शनिवार को राष्ट्रीय पर्यावरणीय स्वास्थ्य संस्थान के नए भवन का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोरोना से निपटने के लिए भारत में अभी दो स्वदेशी वैक्सीन का इस्तेमाल शुरू हो गया है। इसके बाद अब छह और वैक्सीन जल्द ही आएंगी।

71 देशों को भारत ने कराई कोरोना वैक्सीन उपलब्ध

डॉ. हर्षवर्धन ने आगे कहा कि “शनिवार, 13 मार्च को 20 लाख लोगों को टीका लगाया जा चुका है। कोरोना संक्रमण को खत्म करने के लिए भारत केवल अपनी ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की मदद कर रहा है। भारत ने अब तक दुनिया के 71 देशों को कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराई है। कनाडा, ब्राजील और अन्य विकसित देश बड़े उत्साह के साथ भारतीय वैक्सीन का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके अलावा कई और देश भी भारत की वैक्सीन की मांग कर रहे है। साथ ही अब आधा दर्जन से ज्यादा नए टीके जल्द ही आने वाले हैं।”

See also  CG Weather Update: अगले 5 दिनों में और बढ़ेगी ठंड,अंबिकापुर में 10.1 डिग्री सेल्सियस पहुंचा न्यूनतम तापमान

भारत बनेगा ‘विश्व गुरु’

संबोधन के दौरान हर्षवर्धन ने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक नए भारत का निर्माण करना चाहते हैं ताकि भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाया जा सके। यह समय एक वैज्ञानिक लड़ाई का है न कि एक राजनीतिक लड़ाई का। इसलिए विज्ञान का सम्मान करने और वैक्सीन पर राजनीति को खत्म करने की जरूरत है। हमें एकजुट होकर काम करना चाहिए। हमारे वैज्ञानिकों के प्रयास सराहनीय हैं क्योंकि उनकी मेहनत के कारण ही हमने ये सब हासिल किया है।”

डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि महामारी की शुरुआत में कोरोना टेस्ट के लिए भारत में केवल एक लैब थी, लेकिन अब हमारे पास 2,412 परीक्षण सुविधाएं मौजूद हैं। हमारे वैज्ञानिकों ने वैक्सीन बनाने में ICMR की मदद की है। हालांकि, वैक्सीन को लेकर कुछ लोगों ने भ्रम पैदा करने की भी कोशिश की, लेकिन सच्चाई की जीत जरूर होती है। वहीं, देश में फिर से बढ़ रहे संक्रमण के खतरे को लेकर उन्होंने कहा कि यह लापरवाही और गलतफहमी का नतीजा है।

See also  Chhattisgarh Salary Scam: कूटरचित कागजात तैयार कर नगर निगम के दो कर्मचारियों ने किया 71 लाख से ज्यादा का झोल, खुलासे में खुली इनकी पोल

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर…