नेशनल डेस्क। पश्चिम बंगाल की राजनीति में 2026 से पहले ही सियासी पारा चरम पर है। रविवार को कोलकाता में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीधे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। न सिर्फ तृणमूल सरकार को ‘घुसपैठ और अत्याचार की सरकार’ बताया, बल्कि साफ-साफ ऐलान कर दिया कि 2026 में बंगाल की सत्ता भाजपा के हाथों में होगी।

गृहमंत्री अमित शाह ने कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा दीदी, अब आपका समय खत्म हो गया है। वर्षों तक बंगाल में कम्युनिस्टों का शासन था। उसके बाद ममता बनर्जी ‘मां, माटी, मानुष’ का नारा देकर आईं। लेकिन उन्होंने इस महान भूमि को महिलाओं पर अत्याचार, घुसपैठ, बम धमाकों और राजनीतिक हत्याओं की भूमि में बदल दिया।

‘लोकतंत्र की हत्या’ का आरोप, मिशन 2026 की हुंकार

अमित शाह ने यह भी आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के शासनकाल में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है। पीड़ित परिवारों को आज तक न्याय नहीं मिला। अमित शाह ने कहा, पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र खतरे में है। भाजपा इसे बहाल करने के लिए कटिबद्ध है।

See also  Shahrukh Khan: बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी देने के मामले में रायपुर का वकील फैजान खान गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेशी

ममता सरकार पर कटाक्ष करते हुए अमित शाह बोले- बम धमाके, घुसपैठ और अपराध बढ़े

भाजपा नेता शाह ने कहा, ममता सरकार तुष्टिकरण की राजनीति करती है, जिस कारण समाज में विभाजन और तनाव बढ़ रहा है। ममता सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में बम धमाकों की घटनाएं, अवैध घुसपैठ, और महिलाओं पर अत्याचार पिछले एक दशक में तेजी से बढ़े हैं।

ममता पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप

अमित शाह ने ममता बनर्जी पर यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने पंचायत और नगरपालिका चुनावों में लोकतंत्र की हत्या की है। भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकाया गया, फर्जी मुकदमों में फंसाया गया और जनता की आवाज को दबा दिया गया। 2026 में बंगाल की जनता अपना फैसला सुनाएगी। यह फैसला ममता बनर्जी के शासन को समाप्त करने का होगा।

TMC ने बताया चुनावी स्टंट

ममता बनर्जी या तृणमूल कांग्रेस की ओर से अमित शाह के इस बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई, लेकिन टीएमसी सूत्रों ने इसे “चुनावी स्टंट” बताया है। कहा, बंगाल की जनता ने बार-बार भाजपा को खारिज किया है।

See also  छत्तीसगढ़- बीजापुर में नक्सलियों से पुलिस की मुठभेड़, नक्सली सामग्री और हथियार बरामद

भाजपा की रणनीति: मिशन 2026

भाजपा का यह कायकर्ता सम्मेलन पार्टी के मिशन बंगाल 2026 का हिस्सा माना जा रहा है। BJP राज्य के हर जिले में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। अमित शाह के साथ इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद थे।

बंगाल का राजनीतिक परिदृश्य

पश्चिम बंगाल की राजनीति में आने वाला विधानसभा चुनाव 2026 में है, लेकिन अभी से भाजपा बनाम टीएमसी की जंग तेज होती जा रही है। 2021 के चुनाव में टीएमसी ने भारी बहुमत से जीत दर्ज की थी, लेकिन भाजपा ने पहली बार विपक्ष की भूमिका में मजबूती से जगह बनाई थी।