जबलपुर। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। EOW ने सिहोरा ब्लॉक के PHE ऑफिस में पदस्थ कार्यपालन यंत्री शरद कुमार सिंह और अकाउंट्स क्लर्क विकास पटेल को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। हैंडपंप मेंटनेंस के 2.47 लाख रु. के बिल को पास करने के एवज में 10 प्रतिशत कमीशन के तौर पर मांगी गई थी। जिसकी शिकायत प्रार्थी ने जबलपुर EOW से की। मामले को संज्ञान में लेते हुए, EOW ने 24,000 रुपये की रिश्वत लेते दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, सिहोरा ब्लॉक में हैंडपंप मेंटनेंस का काम चल रहा है। जिसका जिम्मा दमोह के ठेकेदार रोहित बरौलिया ने लिया है। इसी का बिल पास करवाने के एवज में शरद कुमार सिंह और विकास पटेल ने रिश्वत की मांग की। शिकायत पर EOW ने PHE ऑफिस में छापामार कार्रवाई की। यहां दोनों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से PHE विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल, टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, और मामले की जांच जारी है।



