मुंबई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर लगाए गए 50% टैरिफ का असर मंगलवार को शेयर बाजार पर साफ दिखाई दिया। ट्रंप प्रशासन ने पहले 25% टैरिफ लगाया था और रूस से तेल खरीदने को लेकर अतिरिक्त 25% टैरिफ का ऐलान किया था, जो आज 27 अगस्त से प्रभावी हो गया। इसके चलते निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा और बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली।

खुलते ही फिसल गया बाजार

कारोबार की शुरुआत से ही शेयर बाजार गिरावट के साथ खुला। BSE Sensex अपने पिछले बंद 81,635.91 की तुलना में 81,377.39 पर खुला और शुरुआती आधे घंटे में ही 629 अंक गिरकर 81,006.26 पर पहुंच गया। इसी तरह, NSE Nifty पिछले बंद 24,967.75 के मुकाबले 24,899.50 पर खुला और जल्द ही 200 अंकों से ज्यादा टूटकर 24,763 पर कारोबार करता दिखा।

ताश के पत्तों की तरह बिखरे शेयर

ट्रंप टैरिफ से सहमे बाजार में अचानक आई इस गिरावट का असर कई दिग्गज कंपनियों के शेयरों पर पड़ा। शुरुआती कारोबार में ही ऑटो, मेटल, आईटी और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में भारी बिकवाली दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ विवाद गहराता है, तो आने वाले दिनों में बाजार पर और दबाव बढ़ सकता है।

See also  अरविंद केजरीवाल से फिर मिले सीएम नितीश कुमार

निवेशकों की चिंता बढ़ी

ब्रोकरेज हाउस और मार्केट एनालिस्ट का मानना है कि 50% टैरिफ का सीधा असर भारत के निर्यात-आधारित सेक्टर्स पर पड़ेगा, जिससे कंपनियों की आमदनी और मुनाफे पर दबाव आ सकता है। इसका असर निकट भविष्य में शेयर बाजार की चाल पर भी साफ दिखेगा।