टीआरपी। “Clean City Pair Campaign : राष्ट्रीय स्तर पर ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल के अंतर्गत रायपुर और बीरगांव की जोड़ी बनाई गई है। रायपुर नगर निगम अब बीरगांव नगर निगम का स्वच्छता के क्षेत्र में मेंटर (मार्गदर्शक) बना है और बीरगांव मेंटी बना है। इस संबंध में दोनों निगमों के मध्य समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर रायपुर निगम मुख्यालय में हस्ताक्षर किया गया। रायपुर महापौर मीनल चौबे, आयुक्त विश्वदीप, महापौर नन्दलाल देवांगन और कमिश्नर युगल किशोर उर्वशा ने एमओयू पर हस्ताक्षर कर साझा किया। केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वीडियो कांफ्रेसिंग से ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ का शुभारंभ किया।

3 अक्टूबर तक मंत्रालय के पोर्टल पर अपलोड करना होगा


यह हस्ताक्षरित एमओयू 3 अक्टूबर तक केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इसके बाद यथास्थिति की रिपोर्ट और एक्शन प्लान बनाकर 10 अक्टूबर तक इसी पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इस प्लान के क्रियान्वयन के लिए 100 दिनों का लक्ष्य दिया गया है। दर्शनीय स्वच्छता, कचरा पृथक्कीकरण एवं परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण, सफाई तक पहुंच, उपयोगिता जल प्रबंधन, सैप्टिक टैंक सफाई का मशीनीकरण, स्वच्छता जागरूकता और नागरिक प्रतिक्रिया एवं शिकायत निवारण – इन 8 बिन्दुओं को शामिल किया गया है। इसके आधार पर स्वच्छ शहर जोड़ी के मेंटर और मेंटी शहर के प्रदर्शन के औसत के आधार पर आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में दोनों का आंकलन किया जाएगा।

See also  भारत ने न्यूजीलैंड को पहले टी-20 में 6 विकेट से हराया, कीवी टीम के खिलाफ सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया

’‘स्वच्छमेव जयते’ और ‘मैं नहीं, हम’ के ध्येय से कार्य करें स्वच्छ शहर जोड़ी’

केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से पूरे देश से स्वच्छता का जो आव्हान किया था। अब हमें ‘कर्म हमारा स्वच्छता हो, धर्म हमारा स्वच्छता हो’ के ध्येय से आगे बढ़ना है, बढ़ते हुए ‘स्वच्छमेव जयते’ के नारे को साकार करना है। ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल का उद्देश्य ‘मैं नहीं, हम’ की भावना है। हर शहर स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए सिर्फ अपनी ही सोचता था लेकिन अब श्रेष्ठ शहर अपनी जोड़ी के बारे में भी सोचेगा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य में यह पहल ‘अंत्योदय’ और सहकारिता के ध्येय को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। उन्होंने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर इस पहल की शुरुआत होने पर कहा कि ‘अतिथि देवो भवः’, इसलिए हमें अपने अतिथियों का स्वच्छता से स्वागत करना चाहिए। महात्मा गांधी जी ने गुलामी से आजादी का मंत्र दिया था और मोदी जी ने हमें ‘स्वच्छता हमारा लक्ष्य, गंदगी से आजाद करो’ का मंत्र दिया है।

See also  कृृषि मंत्री रविन्द्र चौबे की हालत में आंशिक सुधार, परिवार लखनऊ के लिए रवाना


’देश के 200 शहरों के साथ इस अभियान में शामिल हुआ रायपुर’


इस पहल के अंतर्गत देश भर के 200 शहरों के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक साथ एमओयू पर हस्ताक्षर हुए, जिसमें नगर निगम रायपुर भी नगर निगम बीरगांव के साथ शामिल रहा। इस अवसर पर केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के ‘स्वच्छोत्सव-2025’ गीत भी ऑनलाइन रिलीज किया गया। इसके गीतकार शैलेन्द्र सिंह सोढ़ी और संगीतकार अमित त्रिवेदी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।

महापौर मीनल चौबे ने इस पहल के बारे में कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ शहरों के निर्माण में ऐसे अभियान निश्चित ही जनभागीदारी को नई दिशा प्रदान करेंगे। इस अवसर पर रायपुर नगर निगम के कार्यपालन अभियंता व स्वच्छ भारत अभियान के नोडल अधिकारी रघुमणि प्रधान, सहायक नोडल अधिकारी व सहायक अभियंता योगेश कडु और बीरगांव के कार्यपालन अभियंता व स्वच्छ भारत अभियान के नोडल अधिकारी धन्नूलाल देवांगन भी उपस्थित रहे।

See also  छत्तीसगढ़ में है गुड्डू मुस्लिम ! STF ने की छापेमारी, 3 लोगों से पूछताछ