टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा 29 से 31 जनवरी 2026 तक राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, सेजबहार रायपुर परिसर में होगा, जहां निजी क्षेत्र की बड़ी कंपनियां युवाओं को रोजगार का अवसर देंगी।

इस तीन दिवसीय रोजगार मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी श्रेणी के कुल 15 हजार से अधिक पदों के लिए चयन प्रक्रिया की जाएगी। अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियां मौके पर ही अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगी, जिससे युवाओं को सीधे नौकरी पाने का मौका मिलेगा। राज्य स्तरीय रोजगार मेले के तहत रायपुर जिले के अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तिथि 29 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है, जबकि अन्य जिलों के आवेदकों को भी तय कार्यक्रम के अनुसार अवसर मिलेगा।

रोजगार मेला उन युवाओं के लिए खास माना जा रहा है जो लंबे समय से नौकरी की तलाश में हैं या निजी क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं। विभाग के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य राज्य के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना और कंपनियों को योग्य मानव संसाधन से जोड़ना है।

See also  छत्तीसगढ़ में डराने लगी कोरोना की रफ्तार, आज 1615 संक्रमण के मामले आए सामने, 1 मरीज की मौत

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए पंजीयन अनिवार्य रखा गया है। जिन आवेदकों ने अब तक रोजगार पंजीयन या रोजगार मेले के लिए पंजीयन नहीं कराया है, वे छत्तीसगढ़ शासन के ऑनलाइन पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर जाकर अपना पंजीयन कर सकते हैं। पंजीयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अभ्यर्थी साक्षात्कार में भाग ले सकेंगे। अधिक जानकारी या मार्गदर्शन के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार एवं मार्गदर्शन केंद्र कार्यालय, रायपुर से संपर्क कर सकते हैं।