रायपुर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित मुख्य समारोह में राज्यपाल रामेन डेका ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 में अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया था और अब लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक इसे एक विकसित राज्य बनाया जाए।

राज्यपाल ने बताया कि देश के कुल आयरन उत्पादन का लगभग 19 प्रतिशत छत्तीसगढ़ से होता है, जबकि सीमेंट, एल्युमिनियम और कोयले के उत्पादन में भी प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 20-20 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक छत्तीसगढ़ को माओवादी हिंसा का सामना करना पड़ा, लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में माओवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है।

उन्होंने नक्सलियों के पुनर्वास के लिए बनाई गई नई नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते दो वर्षों में 2500 से अधिक नक्सलियों ने संविधान में आस्था जताई है। बस्तर क्षेत्र में विकास को गति देने के लिए ठोस रणनीति पर काम किया जा रहा है। ‘नियाद नेल्ला नार’ योजना के माध्यम से बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और लंबे समय से बंद पड़े कई स्कूलों को फिर से शुरू किया गया है।

See also  शराब घोटाले पर बोले सीएम बघेल - जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं राज्य सरकार को बदनाम करने ईडी रच रही साजिश

राज्यपाल ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत प्रदेश की करीब 70 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्र के लिए नए संकल्प लेने का दिन है और सभी नागरिकों को विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में पूरी भागीदारी निभानी चाहिए।