टीआरपी डेस्क। केंद्रीय बजट पेश होने के बाद घरेलू बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट का दौर जारी है। सोमवार, 2 फरवरी को लगातार तीसरे दिन सोना और चांदी के दाम में बड़ी कमी दर्ज की गई। वायदा बाजार में चांदी की कीमत करीब 23 हजार रुपये यानी 9 प्रतिशत तक टूट गई, जिससे एक किलो चांदी का भाव 2.41 लाख रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं, सोने की कीमतों में भी लगभग 7 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट देखी गई है।
सर्राफा बाजार की स्थिति
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के आंकड़ों के अनुसार, सर्राफा बाजार में भी आज चांदी 29,255 रुपये और सोना 6,427 रुपये सस्ता हुआ है। इस गिरावट के बाद एक किलो चांदी का भाव 2,36,496 रुपये पर आ गया है, जबकि 24 कैरेट शुद्ध सोने की कीमत 1,42,270 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई। पिछले तीन दिनों के भीतर सोने की कीमतों में कुल 30 हजार रुपये और चांदी में 1.60 लाख रुपये की कमी आई है।
गिरावट के मुख्य कारण
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, इस गिरावट के दो प्रमुख कारण हैं। पहला, हाल के दिनों में कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद निवेशकों द्वारा की गई बड़े पैमाने पर प्रॉफिट बुकिंग। दूसरा, शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज (सीएमई) द्वारा सोने और चांदी पर मार्जिन मनी में की गई बढ़ोतरी। सोने पर मार्जिन 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 8 प्रतिशत और चांदी पर 11 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया गया है। मार्जिन बढ़ने से ट्रेडर्स पर अतिरिक्त फंड जमा करने का दबाव बढ़ा है, जिसके चलते बाजार में बिकवाली तेज हुई है।
खरीददारों के लिए सलाह
विशेषज्ञों ने आम उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि सोना खरीदते समय हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (बीआईएस) का हॉलमार्क जरूर चेक करें। हॉलमार्किंग से सोने की शुद्धता की पहचान होती है। इसके अलावा, खरीदारी से पहले विभिन्न विश्वसनीय स्रोतों से उस दिन की सटीक कीमत की जांच अवश्य कर लें, क्योंकि 24, 22 और 18 कैरेट के हिसाब से कीमतें अलग-अलग होती हैं।



