टीआरपी डेस्क। पश्चिम बंगाल में कोयला तस्करी मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह एक बार फिर बड़ी कार्रवाई शुरू की है। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीमें कोलकाता, दुर्गापुर, आसनसोल और बर्द्धमान सहित कुल नौ स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चला रही हैं।

सूत्रों के अनुसार, इस छापेमारी का मुख्य उद्देश्य कोयला तस्करी से अर्जित काली कमाई के लेन-देन के नेटवर्क का पर्दाफाश करना है। जांच एजेंसी को अंदेशा है कि तस्करी की बड़ी रकम को हवाला के जरिए ठिकाने लगाया गया है। ईडी इसी वित्तीय लेन-देन को ट्रैक करने के लिए डिजिटल साक्ष्यों और दस्तावेजों की जांच कर रही है।

कोयला तस्करी की जांच के साथ-साथ ईडी ने दुर्गापुर में बालू कारोबारियों के ठिकानों पर भी दबिश दी है। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे से सेपको टाउनशिप और सिटी सेंटर क्षेत्र स्थित संदिग्ध आवासों की तलाशी ली जा रही है। इसके अलावा पांडवेश्वर और कांकसा में नेशनल हाईवे के पास स्थित ठिकानों पर भी अधिकारियों ने छापामारी की है।

See also  टीआरपी लाइव:पीएम मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन, लॉकडाउन पर कही ये बात...

जांच में यह तथ्य सामने आया है कि ये कारोबारी अजय और दामोदर नदी से बालू खनन के कार्य से जुड़े हैं। इन पर आरोप है कि वैध टेंडर की आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध खनन किया गया और एक ही चालान का बार-बार इस्तेमाल कर राजस्व की चोरी की गई। बीरभूम जिले के चालान दिखाकर पश्चिम बर्द्धमान जिले से बालू तस्करी की शिकायतें भी मिली हैं। फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए जाने की सूचना है।