CG Weather Update

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के कदम रखने से पहले ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। गुरुवार की शाम राजधानी रायपुर में तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई, जिसने लोगों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत दी। वहीं सरगुजा और कोरबा जिलों में भी दोपहर के बाद आसमान में काले बादल घिर आए और जमकर बदरा बरसे, जिससे हवा में ठंडक घुल गई और उमस से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली।

अगले 48 से 72 घंटों में पहुंच सकता है मानसून

मौसम विभाग (IMD) की मानें तो छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री के लिए मौसमी परिस्थितियां अब पूरी तरह से अनुकूल हो चुकी हैं। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज अंधड़ चलने, बिजली गिरने और भारी बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की पूरी संभावना है।

See also  कृषि मंत्री का बड़ा ऐलान; किसानों की हर फसल MSP पर खरीदी जाएगी

दक्षिण छत्तीसगढ़ में पारा गिरा, राजनांदगांव रहा सबसे गर्म

पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो बारिश और बादलों की वजह से दक्षिण छत्तीसगढ़ (बस्तर संभाग) के अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आई है। हालांकि, उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के तापमान में फिलहाल कोई बहुत बड़ा फेरबदल देखने को नहीं मिला। इस दौरान प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 43 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ।

दो बड़े मौसमी सिस्टम के कारण बढ़ रही नमी

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस समय बंगाल की खाड़ी और उत्तर भारत के ऊपर अलग-अलग चक्रवाती परिसंचरण तंत्र (Cyclonic Circulation) बने हुए हैं। इसके साथ ही एक सक्रिय मौसमी द्रोणिका (ट्रफ लाइन) भी गुजर रही है। इन दोनों बड़े सिस्टम के एक साथ एक्टिव होने के कारण हवा में भारी मात्रा में नमी आ रही है, जो मानसून को आगे बढ़ाने में सबसे मददगार साबित हो रही है। आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को तेज गर्मी से पूरी तरह निजात मिलने की उम्मीद है।

See also  सारथी ऐप: अब आप घर बैठे पहुंचा सकेंगे शासकीय विभागों तक अपनी शिकायतें