भिलाई नगर। गर्मी और उमस के बीच आज स्कूल खुलते ही बच्चों की सेहत पर असर दिखने लगा है। दुर्ग जिले के JRD स्कूल में सुबह प्रार्थना सभा के दौरान एक छात्र चक्कर खाकर गिर पड़ा और बेहोश हो गया। इस दौरान स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

असेंबली में बिगड़ी तबीयत

आज पहले दिन सुबह सभी छात्र प्रार्थना सभा में खड़े थे। तेज गर्मी और उमस के कारण एक छात्र को चक्कर आया और वह जमीन पर गिर गया। शिक्षकों ने तुरंत संभाला और प्राथमिक उपचार के बाद छात्र को जिला अस्पताल भिजवाया।

DEO ने लिया जायजा

सूचना मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली। डॉक्टरों के मुताबिक समय पर इलाज मिलने से छात्र की हालत अब स्थिर है। निगरानी में रखा गया है। परिजन अस्पताल में मौजूद हैं।

अभिभावक हुए चिंतित

घटना के बाद अभिभावकों ने स्कूल और प्रशासन से अपील की है कि गर्मी में बच्चों की सेहत का ध्यान रखा जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि तापमान बढ़ने से ऐसी घटनाओं का खतरा है।

See also  TRP Exclusive : 'मोर संसार' और 'निक लागे' जैसे गानों के गायक ऋषिराज पाण्डेय सड़क हादसे में घायल

गौरतलब है कि नई व्यवस्था के तहत स्कूल शुरू होने के समय सुबह राष्ट्रगान के अलावा सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र सहित अन्य प्रार्थनाएं करने का सख्त निर्देश है। वर्तमान में भीषण गर्मी है और शिक्षकों और अभिभावकों के तमाम मांगों के बावजूद शासन ने 16 जून से ही कक्षाएं शुरू करने का आदेश जारी कर दिया। चूंकि प्रार्थना लंबी है और काफी गर्मी है, इससे छात्रों का प्रभावित होना लाजिमी है। दुर्ग जिले के एक स्कूल में हुई घटना को इसी सन्दर्भ से जोड़कर देखा जा रहा है।

स्कूल प्रबंधन ने बाकी छात्रों को गर्मी से बचने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने भी स्कूलों को कहा है कि प्रार्थना सभा या बाहरी गतिविधियों में बच्चों को धूप और गर्मी से बचाएं।