The Gift of Death: शादी के उपहार में मिला होम थिएटर परिवार के लिए मौत का कारण बन गया। कबीरधाम के चर्चित होम थिएटर ब्लास्ट कांड में कोर्ट ने आरोपी सरजू उर्फ संजू मरकाम को दो हत्याओं और हत्या के प्रयास का दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। करीब 3 साल पहले हुए इस विस्फोट में नवविवाहित और उसके भाई की जान गई थी।
क्या था पूरा मामला?
घटना 2023 में रेंगाखार थाना क्षेत्र के चमारी गांव की है। हेमेंद्र मेरावी की शादी के बाद परिवार शादी के उपहार खोल रहा था। इसी दौरान एक कमरे में रखा होम थिएटर बिजली से जोड़ा गया। स्विच ऑन करते ही जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि कमरे की दीवार और छत तक गिर गई। इस हादसे में हेमेंद्र मेरावी की मौके पर मौत हो गई, जबकि भाई राजकुमार मेरावी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए थे।
प्रेम-प्रसंग बना हत्या की वजह
शुरुआत में इसे हादसा माना गया, लेकिन जांच में पुलिस को होम थिएटर के अंदर विस्फोटक लगे होने के साक्ष्य मिले।
जांच में पता चला कि आरोपी सरजू उर्फ संजू मरकाम का मृतक के परिवार से जुड़ी एक महिला से प्रेम-प्रसंग था। शादी से नाराज होकर आरोपी ने बदला लेने की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने होम थिएटर के अंदर विस्फोटक सामग्री लगाकर उसे शादी के तोहफों के बीच रखवा दिया था। घटना के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।
मौके से मिले अहम सबूत
पुलिस ने घटनास्थल से विस्फोट के अवशेष, बारूदयुक्त मिट्टी, तार, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री और होम थिएटर का कार्टन बरामद किया था। इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई। इन्हीं सबूतों के आधार पर पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी कर उसे कोर्ट में पेश किया।
कोर्ट का फैसला: 2 उम्रकैद + अर्थदंड
अदालत ने आरोपी सरजू उर्फ संजू मरकाम को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दो हत्याओं में उम्रकैद, धारा 307 के तहत 5 हत्या के प्रयास में उम्रकैद, धारा 436 के तहत घर को विस्फोट से नुकसान पहुंचाने और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 और 5 के तहत दोषी करार दिया। साथ ही आरोपी पर 9,500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।
3 साल बाद मिला न्याय
2023 की इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे कबीरधाम को हिलाकर रख दिया था। शादी की खुशियों के बीच आया तोहफा 2 जिंदगियां ले गया। अब अदालत के फैसले से पीड़ित परिवार को न्याय मिला है।
FAQ: हत्या के दोषी को सजा
सवाल: कबीरधाम होम थिएटर ब्लास्ट में क्या हुआ था?
2023 में शादी के तोहफे में मिले होम थिएटर में बम लगा था। स्विच ऑन करते ही विस्फोट में 2 भाइयों की मौत हो गई थी।
सवाल: आरोपी ने ऐसा क्यों किया?
पुलिस के मुताबिक आरोपी सरजू मरकाम का मृतक के परिवार से जुड़ी महिला से प्रेम-प्रसंग था। शादी से नाराज होकर उसने साजिश रची।
सवाल: कोर्ट ने क्या सजा सुनाई?
आरोपी को 2 हत्या और 5 हत्या के प्रयास में उम्रकैद और 9500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई।
सवाल: विस्फोट में कौन-कौन मरा?
नवविवाहित हेमेंद्र मेरावी और उसके भाई राजकुमार मेरावी की मौत हुई थी। परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए थे।
सवाल: इस केस में कितने समय बाद फैसला आया?
2023 की घटना में करीब 3 साल बाद 2026 में कोर्ट ने फैसला सुनाया।


