Swami Atmanand School Principal Removed: दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्वामी आत्मानंद स्कूल के छात्रों के उग्र प्रदर्शन के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। पेंड्रावन स्थित स्कूल में शिक्षकों की भारी कमी और बदइंतजामी के चलते छात्रों के चक्काजाम करने के बाद स्कूल के प्राचार्य को हटा दिया गया है। साथ ही स्कूल में तीन नए शिक्षकों की व्यवस्था की गई है और ओपन स्कूल का प्रभार भी समाप्त कर दिया गया है।
400 छात्रों पर थे केवल 3 शिक्षक, प्राचार्य पर गिरी गाज
दुर्ग जिले के धमधा विकासखंड के पेंड्रावन स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में 9वीं से 12वीं तक करीब 400 विद्यार्थी पढ़ते हैं। छात्रों का आरोप था कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षक न होने से उनकी पढ़ाई चौपट हो रही है। 400 बच्चों के लिए केवल 3 शिक्षक और एक प्राचार्य तैनात थे, जबकि कम से कम 17 शिक्षकों की जरूरत है।
हाल ही में जब छात्रों का गुस्सा फूटा और उन्होंने खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर लगातार दूसरी बार चक्काजाम किया, तब प्रशासन हरकत में आया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राचार्य को पद से हटा दिया। इसके अलावा शिक्षा विभाग ने स्कूल में तीन नए शिक्षकों की व्यवस्था की है और कॉमर्स विषय के शिक्षक को भी जल्द तैनात करने का भरोसा दिलाया है।
सेलूद में भी फूटा छात्रों का गुस्सा
दूसरी ओर, दुर्ग के ही सेलूद स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में भी छात्रों ने मूलभूत सुविधाओं (शौचालय और बाउंड्रीवॉल) की मांग को लेकर स्कूल में तालाबंदी कर दी और दुर्ग-पाटन मार्ग पर चक्काजाम किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया, लेकिन पेंड्रावन स्कूल में प्राचार्य पर हुई कार्रवाई पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।


