मिशन 2028, आदिवासी क्षेत्रों के लिए नई रणनीति पर मंथन संभव

टीआरपी डेस्क। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की वार्षिक अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक आगामी 4 से 6 जुलाई 2025 के बीच दिल्ली के केशवकुंज संघ कार्यालय में आयोजित होगी। इस अहम बैठक में देशभर के प्रांत प्रचारक, सह प्रांत प्रचारक, क्षेत्र प्रचारक, सह क्षेत्र प्रचारक और संघ प्रेरित संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री भी भाग लेंगे।

संघ की संरचना देशभर में 11 क्षेत्रों और 46 प्रांतों में विभाजित है। अप्रैल से जून के बीच सम्पन्न हुए विभिन्न प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने के लिहाज से यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी सह सरकार्यवाहक और संघ के प्रमुख विभाग प्रमुख हिस्सा लेंगे। चर्चा के मुख्य विषयों में प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा, शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की योजना, सरसंघचालक के आगामी प्रवास की रणनीति प्रमुख रहेंगी।

See also  छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में गूंज उठी बीजापुर के युवाओं की बुलंद आवाज, कहा…

छत्तीसगढ़ पर विशेष फोकस

इस बैठक में छत्तीसगढ़ के प्रांत प्रचारक अभयराम भी हिस्सा लेंगे। राज्य में भाजपा संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ में संभावित मंत्री मंडल विस्तार और विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों को लेकर भी मंथन किया जा सकता है।

इसके साथ ही 2028 में होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए आदिवासी बहुल क्षेत्रों में धर्मांतरण रोकने तथा आदिवासी समाज को भाजपा के पक्ष में लामबंद करने की नीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।