SUSPENDED

बिलासपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर निगम बिलासपुर के जोन क्रमांक 5 के जोन कमिश्नर अनुभव सिंह को निलंबित कर दिया है। नगरीय प्रशासन विभाग के अवर सचिव द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नगरीय प्रशासन क्षेत्रीय कार्यालय रहेगा।

अनुभव सिंह के खिलाफ यह कार्रवाई उनके पूर्व कार्यकाल में नगर पालिका परिषद मुंगेली में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के रूप में पदस्थ रहते हुए किए गए लेबर सप्लाई टेंडर में गंभीर अनियमितताओं के आरोपों की पुष्टि होने के बाद की गई है।

वित्तीय गड़बड़ी का मामला

नगर पालिका मुंगेली में कार्यरत रहते हुए अनुभव सिंह के कार्यकाल में लेबर सप्लाई टेंडर की प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर नियमों की अनदेखी और वित्तीय गड़बड़ी सामने आई थी। इस पर शासन ने 9 अप्रैल 2024 को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। शासन को दिए गए उनके जवाब में तथ्यों और आरोपों पर संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया। इसके बाद नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए। जांच में टेंडर प्रक्रिया में नियमों का उल्लंघन, पारदर्शिता की कमी और वित्तीय अनियमितताएं साबित हुई।

See also  फर्जी अंकसूची से मिल गई सरकारी नौकरी, मामला उजागर होने के बाद मास्टरमाइंड गिरफ्तार 

जांच रिपोर्ट में अनुभव सिंह को प्रत्यक्ष रूप से जिम्मेदार ठहराया गया। इसी आधार पर नगरीय प्रशासन विभाग के अवर सचिव अजय तिर्की ने उनका निलंबन आदेश जारी किया। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नगरीय प्रशासन का क्षेत्रीय कार्यालय बिलासपुर होगा और वे बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।