नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार को प्रसाद नगर और द्वारका सेक्टर-5 सहित पांच स्कूलों को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग तत्काल हरकत में आ गए और सभी स्कूलों को खाली करा दिया गया।
सूचना पर दिल्ली पुलिस, डॉग स्क्वॉड, बम डिस्पोजल और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल परिसरों की गहन तलाशी शुरू की। खबर लिखे जाने तक किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
लगातार मिल रही हैं धमकियां
राजधानी में पिछले कुछ महीनों से इस तरह की धमकियों का सिलसिला जारी है। धमकियां अक्सर Email के जरिए भेजी जाती हैं, जिसके बाद प्रशासन सुरक्षा के लिहाज से स्कूलों को खाली कराता है और पुलिस व बम स्क्वॉड तलाशी अभियान चलाते हैं। हालांकि अब तक हुई सभी जांचों में कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
48 घंटे पहले 32 स्कूलों को मिली थी धमकी
सिर्फ 48 घंटे पहले ही दिल्ली के 32 स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, सोमवार सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:25 बजे तक 32 कॉल प्राप्त हुईं।
इनमें ज्यादातर संस्थान द्वारका क्षेत्र में थे, जिनमें दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), बीजीएस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, श्री वेंकटेश्वर स्कूल और ग्लोबल स्कूल शामिल हैं। डीपीएस द्वारका ने तो सुरक्षा कारणों से छात्रों को घर भेजकर दिन भर के लिए स्कूल बंद कर दिया था।
पुलिस की जांच जारी
दिल्ली पुलिस का कहना है कि साइबर सेल धमकी भरे ईमेल के स्रोत की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच में ये झूठी धमकियां प्रतीत हो रही हैं, लेकिन यह पता लगाने की कोशिश जारी है कि इन धमकियों के पीछे कौन और क्या मंशा है।



