रायगढ़। जिले के प्लांट में बड़ा हादसा हो गया है। NRVS फैक्ट्री के फार्नेस में हुए ब्लास्ट में 3 मजदूर घायल हो गए। इनमें से एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिसे इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया हैं। वहीं, घायल दो मजदूरों का रायगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना आज सुबह की बताई जा रही है। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ जिले के तराईमाल में NRVS प्लांट है। हर रोज की तरह आज सुबह भी प्लांट में काम चल रहा था। सुबह 7 बजे फार्नेस में अचानक जोरदार ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट की वजह से फार्नेस के करीब काम कर रहे तीन मजदूर इसकी चपेट में आ गए। जिससे तीनों गंभीर रूप से झुलस गये। इस घटना के बाद से मौके पर हड़कंप मच गया। तत्काल मामले की जानकारी प्लांट के अधिकारियों को दी गई।
गंभीर रूप से झुलसे तीनों मजदूरों को इलाज के लिए रायगढ़ के फोर्टिस अस्पताल में एडमिट कराया गया। यूपी के आजमगढ़ के रहने वाले 40 वर्षीय रामनारायण यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है। यहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किया है। जबकि, अन्य दो घायल मजदूरों का इलाज रायगढ़ के अस्पताल में चल रहा है। ब्लास्ट की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।



