टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में मौसम के मिजाज में बदलाव का सिलसिला जारी है। पश्चिमी हवाओं की गति बढ़ने के कारण रात के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। रायपुर में पिछले दो दिनों से प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, शहर के न्यूनतम तापमान में अब मामूली गिरावट आने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। इस अवधि में रायपुर में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई है और अगले दो दिनों तक स्थिति यथावत रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा द्वारा जारी ताजा अपडेट के मुताबिक, वर्तमान में सब-ट्रॉपिकल पश्चिमी जेटस्ट्रीम प्रभावी है। इसके प्रभाव से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव हो सकता है, हालांकि किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 15 फरवरी को भी पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

See also  Weather Update :प्रदेश के कई जिले शीतलहर की चपेट में, रायपुर का पारा सामान्य से दो डिग्री ज्यादा

राजधानी रायपुर के लिए मौसम विभाग ने पूर्वानुमान व्यक्त किया है कि 15 फरवरी को सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। दिन के समय अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।